अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ बलात्कार करने और फिर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने राज्य महिला आयोग से इसकी शिकायत की है। इसके बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए। शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलौर क्षेत्र की एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि उनके रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह निवासी काशीपुरी रुड़की का उनके यहां आना जाना था। आरोप है कि इसी दौरान वीरेंद्र सिंह ने उसे नशीला पदार्थ खिलाने के बाद उसके साथ बलात्कार कर उसकी वीडियो बना ली और फिर से सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करने लगा। उसने आरोपी को अलग-अलग बार कुल एक लाख से अधिक रुपये भी दे दिए। महिला ने आरोप लगाया कि वीरेंद्र सिंह ने उसे किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला ने राज्य महिला आयोग से भी शिकायत की। जिसका एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने संज्ञान लेते हुए गंगनहर कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। जिस पर शनिवार को गंगनहर पुलिस में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।