अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान सील किए गए दो मेडिकल स्टोरों की बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर ने जांच पड़ताल की तो दोनों पर भारी अनियमितताएं पाई गई। इस पर एक का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई, जबकि दूसरे के क्रय-विक्रय पर एक सप्ताह तक रोक लगाई गई। दोनों मेडिकल स्टोर से दवाओं के नमूने लिए गए हैं।
बुधवार को डीएम दीपक रावत ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान दवाइयों की जांच के लिए वह पास स्थित दो मेडिकल स्टोर में भी पहुंचे थे। प्रथमदृष्टया इन पर कई एक्सपायरी दवाएं मिली थी। इस पर दोनों दुकानों को सील कर दिया था। डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने मौके पर पहुंचकर इनकी बारीकी से जांच की तो और अनियमितताएं भी उजागर हुईं। मेडिकल स्टोरों से काफी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं बरामद की गई। साथ ही एक स्टोर पर खरीद-बिक्री का कोई रिकार्ड नहीं मिला। ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार का कहना है कि भारी अनियमितताएं उजागर होने पर शिवम मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। जबकि जनता मेडिकल स्टोर पर एक सप्ताह तक क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी है। उन्होंने बताया कि स्टोर से लिए गए सैंपल की जांच कराई जाएगी। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान तहसीलदार मंजीत सिंह, लेखपाल अनिल गुप्ता आदि मौजूद रहे।