अमर उजाला ब्यूरो
लक्सर। पुलिस ने युवक से शादी का झांसा देकर एक लाख रुपये हड़पने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के कुआंखेड़ा गांव निवासी विनोद कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी मुलाकात क्षेत्र एक महिला से हो गई। उसका आरोप है कि महिला ने उसे भरोसा दिया कि वह अपनी जान पहचान की एक युवती से उसका विवाह करा देगी। विनोद का आरोप है कि महिला ने उसे पथरी थाना क्षेत्र की एक युवती से मुलाकात कराई। इस पर वह युवती के साथ शादी करने के लिए तैयार हो गया। विनोद का आरोप है कि इसी बीच विवाहिता ने उसे युवती के परिजनों के नाम पर देने के लिए चालीस हजार रुपये दिए। विनोद का आरोप है कि जब उसने कुछ महीने बाद विवाहिता को शादी करवाने की बात कही तो विवाहिता ने उससे एक बार फिर शादी की खरीदारी करने के लिए पैसठ हजार और ले लिए, लेकिन अब महिला शादी से इनकार कर रही है। विनोद ने विवाहिता महिला पर उस युवती की दो अलग-अलग जगह पर शादी कराकर लाखों रुपये हड़पने का भी आरोप लगाया। उसका कहना है कि उसने महिला से अपने दिए गए पैसे वापस किए जाने की मांग की। महिला ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाल अमर चंद शर्मा ने बताया कि विनोद की तहरीर पर सुनीता पत्नी अनुज निवासी भुरनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।