ब्यूरो/अमर उजाला, भगवानपुर। क्षेत्र की एक फैक्ट्री के सुपरवाइजर को आधा दर्जन युवकों ने लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया। घायल सुपरवाइजर की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बिहार के जिला रोहताश के एक के रहने वाले सुशील कुमार भगवानपुर में पंखे बनाने वाली फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे वह फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद अपने कमरे में जाने के लिए जैसे ही फैक्ट्री से बाहर आए, पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन युवकों ने उन्हें लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। मामले में घायल सुपरवाइजर की ओर से थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
बताया जाता है कि उनकी फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों के साथ कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। हमले को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।