रुड़की। मेडिकल स्टोर बंदकर घर जा रहे एक युवक को ससुरालियों ने सरेराह बेरहमी से पीटा। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित तेलीवाला निवासी जरीफ का डीएवी कॉलेज के पास मेडिकल स्टोर है। शनिवार शाम को वह स्टोर बंदकर बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में ससुराल पक्ष के लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। जरीफ को सरेराह जमकर पीटा। जरीफ ने उनसे बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसे दौड़ाकर पीटते रहे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित ने फोन कर परिजनों को सूचना दी। आननफानन परिजन मौके पर पहुंचे और उसके साथ कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिस ने उसे सिविल अस्पताल मेडिकल के लिए भेज दिया। एसएसआई रणजीत तोमर ने बताया कि जरीफ के पिता अब्दुल कादिर की तहरीर पर नाजिम, नवाब, नौशाद व मकसूद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि जरीफ व ससुराल पक्ष में पुराना विवाद है। मामले की जांच की जा रही है।