खानपुर। अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में दोनों पक्षों की घंटों चली पंचायत में निकाह करने का फैसला सुनाया गया। इसके बाद सोमवार को किशोरी और आरोपी युवक का निकाह करा दिया गया।
गौरतलब है कि खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति की नाबालिग पुत्री विगत 11 मई को लापता हो गई थी। अगले दिन बदहवास हालत में पहुंची किशोरी ने पड़ोस के दो युवकों पर नशीली पदार्थ सुंघाकर व अपहरण कर बलात्कार करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने तहरीर पर ताज मोहम्मद व साजिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन मामले में कोई कार्रवाई न होने पर किशोरी के परिजनों ने लक्सर सीओ चंदन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर खानपुर पुलिस की शिकायत कर दी। सोमवार को बिरादरी की पंचायत में मुख्य आरोपी युवक ताज मोहम्मद व किशोरी का निकाह कराने का फरमान सुनाया गया। इसके बाद दोनों का निकाह कर दिया गया। नाम न छापने की शर्त पर पंचायत में शामिल एक व्यक्ति ने इसकी पुष्टि की।