ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। हाईवे किनारे जमीन के मालिकाना हक का लेकर गांव के दो पक्षों में तनाव बना है। एक पक्ष के समर्थन में भीम आर्मी भी आ गई है। इसके चलते गांव में तनाव जैसे हालात बने हैं। वहीं दूसरी ओर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तोड़ी गई दीवार को फिर से बनाए जाने के आदेश दिए हैं। साथ ही दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुड़की से सटे इब्राहिमपुर गांव में दिल्ली-देहरादून हाईवे के किनारे करोड़ों की बेशकीमती जमीन है। करीब डेढ़ बीघा भूमि को लेकर गांव के दो पक्ष मालिकाना हक जता रहे हैं। एक सप्ताह पूर्व एक पक्ष ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नितिका खंडेलवाल से मिलकर बताया था कि दूसरे पक्ष ने गलत खसरा नंबर के आधार पर उक्त जमीन का बैनामा करा लिया है और अब वह उसकी चाहरदीवारी कर रहा है। इस पर जेएम ने जमीन से संबंधित कागजात दिखाने को कहा था, साथ ही किसी प्रकार का झगड़ा नहीं करने की हिदायत दी थी। बताया गया है कि किसी ने सोमवार की रात को चाहरदीवारी के कुछ हिस्से को तोड़ दिया। इस पर दूसरे पक्ष ने जेएम से शिकायत की। जिसके बाद जेएम के आदेश पर मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में फिर से तोड़ी गई दीवार का निर्माण कराया गया। इसे लेकर गांव के दो पक्षों में तनाव बना है। बताया गया है कि भीम आर्मी के कार्यकर्ता एक पक्ष के साथ आ गए हैं। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की ओर से इसे लेकर गांव में बैठक भी आयोेजित की गई। गंगनहर एसएसआई रणजीत सिंह तोमर ने बताया कि जेएम के आदेश पर मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों पक्षों को माहौल खराब नहीं करने की हिदायत दी गई है। कोई भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।