ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
लक्सर निवासी एक व्यक्ति से बेटी की सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर चार लोगों ने लाखों की ठगी कर डाली। पीड़ित ने रकम वापस मांगी आरोपियों ने इनकार कर दिया। पीड़ित ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर चारों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के गांव भूरनी निवासी रघुवीर सिंह की कई माह पूर्व भगवानपुर निवासी चार लोगों से पहचान हुई थी। चारों ने उनसे कहा था कि उनकी सरकारी विभाग में अच्छी जान-पहचान है। वह उनकी बेटी की रुड़की में सरकारी नौकरी लगवा देंगे। नौकरी के लालच में आकर रघुवीर ने उनसे बेटी की नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद चारों ने बताया कि सरकारी नौकरी के लिए करीब दस लाख रुपये लगेंगे। सरकारी नौकरी के लालच में वह रकम देने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद चारों लोगों ने बेटी के सभी कागज लिए। साथ ही छह लाख देने की बात कही। इसके बाद रघुवीर ने उनके बताए बैंक खाते में छह लाख डाल दिए। इसके बाद चारों ने चार लाख रुपये और मांगे तो रघुवीर ने चार लाख 50 हजार भी डाल दिए। इसके बाद चारों ने नौकरी का पूरा आश्वासन दिया, लेकिन कई माह बाद भी जब नौकरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने चारों से संपर्क किया। इस पर वे बहाना बनाने लगे। रघुवीर सिंह ने रकम वापस मांगी तो उन्होंने इनकार कर दिया। बृहस्पतिवार को पीड़ित ने सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि मामले में तेजपाल निवासी लव्वा, थाना भगवानपुर, अमर सिंह, बिजेंद्र व सुखवीर निवासी कुंजा बहादरनपुर, थाना भगवानपुर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द अगली कार्रवाई की जाएगी।