अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। प्रीत विहार निवासी एक व्यक्ति ने देहरादून की एक महिला पर झूठे केस में फंसाने के नाम पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। साथ ही महिला पर घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी करने का भी आरोप लगाते कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रीत विहार निवासी पीयूष पटेल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ माह पहले उसकी देहरादून निवासी एक महिला से मुलाकात हुई थी। अच्छी जान पहचान होने पर महिला उनके घर आकर रहने लगी थी। वह बीच-बीच में देहरादून स्थित अपने घर भी जाती रहती थी। आरोप है कि एक दिन वह अपनी मां को लेकर दवाई दिलाने गए थे। जब वह दवाई लेकर लौटे तो महिला गायब थी और सामान बिखरा पड़ा था। आरोप है कि महिला घर से उनकी मां के लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गई। इस बीच उन्होंने उसके मोबाइल पर कॉल की तो वह पांच लाख रुपये की मांग करने लगी। उन्होंने रुपये देने से इनकार किया तो वह गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने लगी। इंस्पेक्टर कमल कुमार लुंठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर देहरादून की कांवली रोड निवासी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस संबंध में देहरादून पुलिस से भी जानकारी ली जा रही है।