अमर उजाला ब्यूरो
खानपुर। खंड विकास अधिकारी से अभद्रता करना ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को भारी पड़ता नजर आ रहा है। बीडीओ और एडीओ पंचायत ने अभद्रता के आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ जिला पंचायत राज अधिकारी और सीडीओ को शिकायती पत्र भेजा है।
खानपुर ब्लॉक मुख्यालय में इन दिनों केंद्र सरकार की ओर से देहरादून से आई टीम प्रत्येक ग्राम पंचायत का विकास कार्यों का ऑडिट कर रही है। इसके चलते बृहस्पतिवार को खानपुर पोडोवाली के ग्राम प्रधान संजय की ग्राम पंचायत का ऑडिट होना था। इस पर वह ब्लॉक मुख्यालय पहुंच गए, लेकिन वहां ग्राम पंचायत विकास अधिकारी नहीं मिले। ग्राम प्रधान संजय एडवोकेट ने बीडीओ धामीलाल से ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को बुलाने की मांग की। धामी लाल ने पोडोवाली ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत का ऑडिट कराने की बात कही। बताया जाता है। कि इस पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी नाराज हो गया और बीडीओ से अभद्रता कर दी। शोर शराबा सुनकर बीडीओ कार्यालय में पहले से मौजूद ग्राम प्रधान संजय एडवोकेट, एडीओ पंचायत सत्यनारायण रतूड़ी, लिपिक शहीद ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद किसी तरह आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को बीडीओ कार्यालय से बाहर निकाला गया। इसके बाद बीडीओ धामी लाल और एडीओ पंचायत सत्यनारायण रतूड़ी ने पूरे मामले की जानकारी डीपीआरओ रमेश कुमार त्रिपाठी व सीडीओ स्वाति भदौरिया को दी। एडीओ पंचायत सत्यनारायण रतूड़ी ने बताया कि अभद्रता के आरोपी ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के खिलाफ डीपीआरओ व सीडीओ स्वाति भदौरिया को लिखित शिकायत की गई है।