ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
दो युवकों ने आगे चल रहे एक छात्र की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। छात्र ने विरोध किया तो युवकों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। छात्र के साथ मारपीट करने के बाद युवक फरार हो गए। छात्र के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो दोनों युवक छात्र के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।
गंगनहर पटरी स्थित सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी निखिल कुमार एक इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र है। शुक्रवार सुबह वह किसी काम से बाइक से नए वाले पुल से बाजार जा रहा था। जैसे ही वह पुल के पास पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा तो दो युवकों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। छात्र ने विरोध किया तो युवकों ने गाली गलौज कर दी। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने छात्र को पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बचाया। इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। छात्र ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के पास स्थित पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में युवक छात्र से मारपीट करते कैद हुए हैं। दोनों की पहचान कराई जा रही है। इसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।