अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की। कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े गैंगस्टर देवपाल की गोली मारकर हत्या करने वाले दो शार्प शूटरों को भारी सुरक्षा के बीच जेल से कोर्ट में पेशी पर लाया गया। चार आरोपियों ने 20 नवंबर को कोर्ट में पेशी के दौरान गैंगस्टर देवपाल राणा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
कुख्यात सुनील राठी का मजबूत हाथ माने जाने वाले जेल में बंद कुख्यात देवपाल राणा की 20 नवंबर की सुबह बदमाशों ने कोर्ट परिसर में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों अजय शर्मा व मोहित निवासी जिंद हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरे आरोपी विकास को देहरादून से गिरफ्तार किया था। हत्या के मास्टर माइंड ऋषिपाल को पुलिस ने 14 दिन बाद राजपुर रोड से गिरफ्तार किया था। आरोपी बदमाश अजय शर्मा व मोहित रुड़की जेल में बंद हैं। बृहस्पतिवार को इन दोनों आरोपियों को रुड़की जेल से रामनगर कोर्ट में पेशी पर लाया गया। सीओ एसके सिंह ने बताया कि देवपाल राणा की हत्या के मामले में रामनगर कोर्ट मेें तारीख थी। जिसके चलते अजय व मोहित को रामनगर की कोर्ट में भारी सुरक्षा के साथ कोर्ट में पेश किया गया था। पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।