अमर उजाला ब्यूरो
खानपुर।
पुलिस ने चर्चित सोकेश हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है।
पांच दिन पहले खानपुर थाना क्षेत्र के दल्लावाला गांव निवासी 25 वर्षीय सोकेश पुत्र मांगेराम की भैंसा- बुग्गी से पड़ोसी गांव दाबकी खेड़ा के बाइक सवार युवकों में मामूली साइड लग गई थी। इसे लेकर दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें उपचार के दौरान सोकेश की मौत हो गई थी। इस मामले में सोकेश के पिता मांगे राम ने शमशेर, जमशेद, फिरोजू, संतर अली, करीमुद्दीन, काला उर्फ नौशाद इसराइल, गुलाम मोहम्मद को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। खानपुर के थानाध्यक्ष भगवान मेहर ने बताया कि आरोपी फिरोजू, संतर अली, करीमुद्दीन, नौशाद इसराइल, जमशेद को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि रविवार को मुखबिर की सूचना पर हत्याकांड के मुख्य आरोपी शमशेर को खानपुर गांव के जंगल से हत्या में प्रयुक्त हथियार त्रिशला (मछली मारने वाला हथियार) समेत पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।