रुड़की। भंगेड़ी गांव में जमीनी विवाद को लेकर देर शाम दो पक्ष आमने सामने आ गए। लाठी डंडों से एक दूसरे पर हमले और पथराव में दोनों पक्षों के लगभग 12 लोग घायल हो गए। खूनी संघर्ष की सूचना पर पुलिस दौड़कर गांव पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर हालत देखते हुए देर रात दो घायलों को देहरादून रेफर कर दिया गया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के भंगेड़ी महावतपुर गांव में दो परिवारों के बीच जमीन का विवाद चला आ रहा था। बृहस्पतिवार देर शाम दोनों पक्ष मामूली कहासुनी के बाद एक दूसरे के सामने आ डटे। लाठी डंडों से हमले के बाद दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। धारदार हथियारों का इस्तेमाल भी खूब हुआ। संघर्ष में दोनों पक्षों के जावेद, इलियास, अजीम, साजिद, लईक, रियासत, नईम, आसिफ, आरिफ, शादाब, नदीम, जाहिद आदि घायल हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव की तरफ दौड़ पड़ी और घायलों को मरहम पट्टी के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर हालत देखते हुए साजिद और नदीम को देहरादून रेफर कर दिया गया। वहीं कोतवाली प्रभारी योगेन्द्र पाल सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल पहुंचने पर भी हुआ हंगामा
दोनों पक्षों के घायलों के अस्पताल पहुंचने पर भी हंगामा हुआ। घायलों के साथ परिवार के अन्य लोग भी सिविल अस्पताल पहुंच गए। एक दूसरे को घूरकर देखने का आरोप लगाते हुए दोनों पक्ष अस्पताल में भी भिड़ने को तैयार हो गए। बमुश्किल उन्हें शांत कराया गया। वहीं झगड़े में अवैध असलहा बरामद होने की बात भी सामने आ रही है।
लालकुर्ती में भिड़े दो पक्ष
रुड़की। सेना क्षेत्र लालकुर्ती में भी दो पक्ष आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि झगड़ा शराब पीकर हुआ। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। एसएसआई ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।