ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
पुरानी रंजिश में भतीजे ने अपने रिश्तेदार बुजुर्ग दंपति पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि बीचबचाव कराने आई चचेरी बहन के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के पड़ोसियों ने किसी तरह बीचबचाव कराया। दंपति ने कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल भतीजे को कोतवाली बुलाया और जमकर फटकार लगाई। हालांकि, बाद में दंपति की ओर से कार्रवाई नहीं करने की मांग पर पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइंस में बुजुर्ग दंपति अकेला रहता है। पड़ोस में ही उनका भतीजा भी परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि भतीजा उनसे रंजिश रखता है और कई बार गाली गलौज व मारपीट कर चुका है। आरोप है कि शनिवार सुबह भतीजा जबरन घर में घुस आया और गालीगलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने बुजुर्ग दंपति से मारपीट कर दी और जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर बीचबचाव कराने आई चचेरी बहन के साथ भी उसने मारपीट की। इसके बाद पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग दंपति को छुड़ाया। बुजुर्ग दंपति कोतवाली पहुंचा और अपनी आपबीती सुनाई। इस पर पुलिस ने भतीजे को बुलाकर जमकर फटकार लगाई। बाद में बुजुर्ग दंपति ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।