ब्यूरो/अमर उजाला, सुल्तानपुर। पश्चिम बहणी बाणगंगा के किनारे बन रहे स्टोन क्रेशर के विरोध में झीवरहेड़ी गांव के ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन स्टोन क्रेशर का काम बंद कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि स्टोन क्रेशर बनाने वालों ने किसानों के खेत जाने वाले रास्ते को खोद दिया है। इससे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुल्तानपुर क्षेत्र में झीवरहेड़ी गांव के निकट पश्चिम बहणी बाणगंगा तट पर एक स्टोन क्रेशर का निर्माण चल रहा है। शनिवार सुबह झीवरहेड़ी गांव के ग्रामीण निर्माणाधीन स्टोन क्रेशर पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। सहकारी समिति के चेयरमैन प्रदीप कुमार, हरीश धीमान, रंजन सैनी, गौरव कुमार, रवीश सैनी, विनीत, अनुज, ऋषभ, महेंद्र सिंह, ऋषि पाल सिंह, योगेश, विनय, बबलू, संदीप कुमार, काला, वैभव कुमार, शुभम आदि का कहना है कि सरकार को इस स्थान पर स्टोन क्रेशर निर्माण कराने की अनुमति नहीं देनी चाहिए थी।
जिस स्थान पर स्टोन क्रेशर लगाने का काम चल रहा है, उसके करीब 500 मीटर के दायरे में आधा दर्जन स्कूल चल रहे हैं। भविष्य में इस स्टोन क्रेशर पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही बनी रहेगी। इससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों का आरोप है कि स्टोन क्रेशर निर्माण में लगी जेसीबी ने आसपास खेतों पर जाने वाले रास्ते को भी खोद दिया है। इससे किसानों को अपने खेतों पर आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में वह डीएम से क्रेशर बंद कराए जाने की मांग करेंगे।