रुड़की। देसी शराब की अवैध बिक्री के विवाद में दो पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष ने कार में तोड़फोड़ की। ग्रामीणों से घिरता देख आरोपी भाग निकले। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों ने फायरिंग भी की। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शराब से भरी कार को अपने कब्जे में लिया। साथ ही एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया। ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब की बिक्री पर पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के खटका गांव निवासी एक व्यक्ति अवैध रूप से गांव में शराब की बिक्री करता है। ग्रामीणों के अनुसार, वह रुड़की स्थित एक ठेके से देसी शराब खरीदकर गांव में अवैध रूप से बेचता है। लेकिन कुछ दिन से वह किसी दूसरे ठेके से शराब खरीदने लगा। इसकी जानकारी ठेकेे के कर्मचारियों को हुई तो रविवार को गांव पहुंचे और कार में शराब लेकर आ रहे उस शख्स को पकड़ लिया। कहासुनी के बाद ठेके कर्मचारियों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसकी कार में तोड़फोड़ की। हंगामा होता देख ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि कार में तोड़फोड़ करने वाले शराब ठेके के कर्मचारी हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। वहीं, सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि गांव का वह शख्स खुलेआम शराब की बिक्री करता है। शिकायत करने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती। उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शराब की पेटियों से भरी कार को अपने कब्जे में लिया। और उस शख्स को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति का चालान कर दिया।