ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
रुड़की टॉकीज के पास स्थित डिपार्टमेंटल स्टोर में हजारों की चोरी के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। तीनों दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में नजर आ रहे थे। पुलिस तीनों से चोरी के सामान की जानकारी ले रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित रुड़की टॉकीज के पास रामपाल की डिपार्टमेंटल स्टोर में आठ अप्रैल को चोरों ने हजारों का सामान चोरी कर लिया था। चोरों ने बगल की राम की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया था। पुलिस ने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो आरोपी चोरी करते हुए कैद हो गए थे। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। सोमवार को पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि तीनों रुड़की के एक कॉलेज के छात्र हैं और उन्होंने ही चोरी की थी। पुलिस तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। एसएसआई प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि तीनों युवकों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई फुटेज से मेल खा रहे हैं, जिसके आधार पर तीनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।