पुरानी रंजिश में पांच युवकों ने दो चचेरे भाइयों को घेरकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के पाड़ली गेंदा निवासी वाजिद ने गंगनहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश चली आ रही है। दो दिन पूर्व वह अपने ताऊ के लड़के ताहिर के साथ किसी काम से रुड़की आया था। यहां बीएसएम तिराहे के पास पांच युवकों ने दोनों को घेर लिया और लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इसमें ताहिर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे भी चोटें आईं हैं। शोर मचाने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुलशेर, फैजान, मुदस्सीर, आवेेश, सुकीम निवासी पाड़ली गेंदा, झबरेड़ा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।