ऊर्जा निगम की स्मार्ट मीटर लगाने की योजना अधर में अटकी
ऊर्जा निगम की स्मार्ट मीटर लगाने की योजना अधर में लटक गई है। उपभोक्ताओं को अभी स्मार्ट मीटर के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। अभी तक उपभोक्ताओं को घर में इस्तेमाल होने वाली बिजली यूनिट की जानकारी एक महीने में मिलती है। ऐसे में उपभोक्ताओं ने प्रतिदिन कितनी यूनिट इस्तेमाल की इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल पाती। यही वजह है कि चाहकर भी उपभोक्ता बिजली की बचत नहीं कर पाते। उपभोक्ताओं की इस समस्या को देखते हुए ही ऊर्जा निगम ने लोगों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगाने की योजना बनाई थी। अधिकारियों के अनुसार स्मार्ट मीटर लगाने के लिए करीब दो साल पहले टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। तब से तकनीकी कमी से यह प्रक्रिया रुकी हुई है। ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता अमित कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में चल रही है उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही नियर फाइनल हो जाएगा कि टेंडर किस कंपनी को जाना है इसके बाद तुरंत काम शुरू कर दिया जाएगा।