रुड़की। मंढे में देर रात नाच-गाना करना एक परिवार के लोगों के लिए भारी पड़ गया। डीजे की धुन पर नाच रहे मेहमानों के बीच में पुलिस पहुंची तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत वहां नाच गा रहे लोगों को जमकर फटकारा और लैपटॉप को कब्जे में ले लिया। बुधवार को लैपटॉप मालिक ने कोतवाली पहुंचकर माफी मांगकर लैपटॉप रिलीज करने की बात कही। लेकिन पुलिस ने पांच हजार चालान के बाद लैपटॉप रिलीज करने को कहा।बोर्ड परीक्षा जारी है, ऐसे में शादी समारोह सीजन में भी देर रात तक डीजे बजाने से छात्रों के अध्ययन में खलल पैदा हो रहा है। इसको लेकर पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया है। देर रात तक डीजे बजाने पर रोक है। बीती रात पुलिस को सूचना मिली कि लंढौरा रोड पर डीजे बज रहा है। जिस पर जमकर ठुमके लगाए जा रहे हैं। ऐसे में छात्र अपने रात के अध्ययन पर फोकस नहीं कर पा रहे हैं। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मंढे में हो रहे नाच-गाने में शामिल लोगों को जमकर फटकारा और वहां से लैपटॉप को कब्जे में लिया। बुधवार को कुछ लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह लैपटॉप डीजे संचालक का नहीं है, बल्कि परिवार के एक सदस्य का निजी है। परिवार में एक बहन के मंढे का कार्यक्रम था, बुधवार को बरात है। उन्होंने लैपटॉप रिलीज करने की बात पुलिस कर्मियों से कही। एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि देर रात तक डीजे बजाने पर रोक है। चालान के बाद लैपटॉप रिलीज किया।