नारसन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारसन में सोमवार दोपहर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार, डॉ. आरके सिंह ने औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, मरीज वार्ड और फार्मेसी सहित स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न अनुभागों की जांच-पड़ताल की। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को अस्पताल परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। आगामी कांवड़ मेले के दृष्टिगत सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष रूप से अलर्ट रहने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल की सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और दवाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए। इस दौरान अस्पताल में डॉ. अलका, डॉ. उस्मान, मनोज, राजेंद्र, अनुज भारद्वाज, किशन और अमरीश सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। संवाद