साइबर ठगों ने नौकरी के नाम पर ऑनलाइन आवेदन का झांसा देकर एक छात्र से हजारों की ठगी कर ली। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुरानी तहसील निवासी शिवम ने पुलिस को बताया कि उसने पिछले साल बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। वह काफी समय से नौकरी की तलाश कर रहा है। मंगलवार को उसने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था। इसमें दिल्ली की एक कंपनी में भर्ती निकलने की जानकारी दी गई थी। साथ ही नौकरी के लिए आवेदन की भी तिथि दी थी। इस पर उसने विज्ञापन पर दर्ज मोबाइल नंबर पर कॉल कर नौकरी की जानकारी ली।
कॉल रिसीव करने वाले ने फेसबुक पर एक लिंक दिया और कहा कि उसपर आवेदन करना होगा। आवेदन का शुल्क डेढ़ सौ रुपये जमा करना होगा। इस पर उसने आवेदन कर दिया। साथ ही बताया कि व्हाट्सएप पर भी कंपनी की ओर से एक लिंक भेजा रहा है। उसमें कंपनी संबंधी पूरी जानकारी दी गई है। उसने लिंक खोलकर देखा तो खाते से कुछ देर बाद 30 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने उस मोबाइल नंबर पर कॉल की तो वह बंद आया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।