रुड़की। कोरोना के चलते जिम बंदी के आदेश के बाद भी शहर में जिम खोलने के मामले में पुलिस ने चार जिम संचालकों पर कार्रवाई की है।
केंद्र सरकार ने गाइडलाइन जारी की थी कि कोरोना काल में सभी जिम बंद रहेंगे ताकि जिम के अंदर लोगों की आवाजाही न हो सके। इसके बाद भी रुड़की में कई जिम संचालक चोरी छिपे जिम खोल रहे थे। इसे लेकर सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी राजेश साह से कई लोगों ने शिकायत की थी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि चोरी छिपे जिम खोलकर नियम का उल्लंघन करने पर मंगलवार को क्षेत्र में कई जिमों पर छापामारी की गई। इस दौरान चार जिम खुले मिले। उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस में बॉडी स्ट्रांग के संचालक प्रवीण कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी बरला, मुजफ्फरनगर, अल्टीमेटम मसल्स के संचालक घनश्याम यादव पुत्र शिव चरण यादव निवासी खेकड़ा, मुजफ्फरनगर, गोल्ड जिम के संचालक हिमांशु पुत्र राकेश भाटिया निवासी आदर्श नगर रुड़की और ट्रांस्फिटनेस जिम के संचालक सुधीर पुत्र राजपाल निवासी मेहवड कलां, थाना कलियर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जब तक जिम खोलने के आदेश जारी नहीं होते हैं तब तक कोई भी जिम नहीं खुलेगा।