बालावाली के राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने डुमनपुरी के पूर्व प्रधान पर उनका रास्ता रोककर मारपीट करते हुए जाति सूचक शब्द कहने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रधानाध्यापक की तहरीर पर पूर्व प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खानपुर थाना क्षेत्र के बालावाली गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक दीनानाथ गौतम निवासी ग्राम व पोस्ट टिकरी जनपद अमेठी, उत्तर प्रदेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि इस शैक्षिक सत्र में महाराजपुर निवासी एक बच्चे का स्कूल में प्रवेश के लिए आवेदन आया था। उस दौरान तक स्कूल में संसाधनों की अपेक्षा छात्र संख्या ज्यादा हो गई थी। ऐसे में वह छात्र हित में प्रवेश नहीं दे पाए। इस घटना के बाद से डुमनपुरी के पूर्व प्रधान रंजिश रखने लगे थे। इस बीच विगत 19 जुलाई को वह विद्यालय अवकाश के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान डुमनपुरी के पूर्व प्रधान रविपाल अपने 15 साथियों के साथ आए और उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्द कहे। साथ ही धमकी दी कि यहां नौकरी करनी है तो उनकी हर बात माननी पड़ेगी। उन्होंने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। खानपुर थानाध्यक्ष अरविंद रतूड़ी ने बताया कि मामले में पूर्व प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।