दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती के पास मंगलवार दोपहर एक कार में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर चार लोगों को घायल होने से बचा लिया। कार सड़क किनारे धू-धू कर जल रही थी। दमकलकर्मियों ने हाई प्रेशर पंप और फोम टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझाए जाने से कार का पेट्रोल टैंक फटने से बच गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। घटना की सूचना कंट्रोल रूम को भी दे दी गई।