अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक बाइकसवार की मौत हो गई है। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
कोतवाली रुड़की पुलिस को रविवार रात 11.48 बजे किसी ने फोन कर बताया कि हरिद्वार-रुड़की मार्ग पर आरआर सिनेमा के समीप एक दुर्घटना हो गई है। इसमें बाइकसवार को गंभीर चोट आई हैं। सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। जब तक घायल को अस्पताल ले जाया जाता उसकी मौके पर मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम राजेश धीमान (52 वर्ष) पुत्र चेतराम निवासी आजाद नगर रुड़की है। वह मूलरूप से चौली छापुर गांव का रहने वाला है। राजेश धीमान धनपुरा ठेके के समीप एक कैंटीन चलाता था। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि बाइक आगे की तरफ से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दुर्घटना किस वाहन से हुई है। इसकी जानकारी अभी नहीं हो पाई है।