सुल्तानपुर पुलिस द्वारा देशी तमंचा व चाकू के साथ पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को एक तमंचा, कारतूस और चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। मंगलवार रात सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस टीम के साथ झीवरहेड़ी गांव के निकट पंचेवली मंदिर के सामने वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो युवक सामने से आते दिखे। पुलिस को देखकर बाइक सवार घबरा गए और बाइक मोड़कर भागने लगे। इस बीच बाइक मोड़ते समय पलट गई। पुलिस ने दोनों युवकों को संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक युवक के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस बरामद हुआ। दूसरे युवक की तलाशी में एक चाकू मिला। कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि प्रमोद और लाखन निवासी केवलपुरी, लक्सर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बाइक सीज कर दी है।