गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पाड़ली गुर्जर में 19 अप्रैल को एक घर के बाहर बाइक सवार बदमाश चक्कर काटते दिखे। वीडियो में दिख रहा है की बाइक सवार बदमाश पहले घर से होते हुए आगे गली में रुके फिर दोबारा एक घर के पास जाकर रुक गए और ताबड़तोड़ 6-7 फायर किए। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में दहशत फैल गई। कुछ देर बाद बाइक सवार बदमाश वहां से फरार हो गए। बदमाशों के वहां से चले जाने के बाद क्षेत्रवासी घरों से बाहर निकले और गली में उन्हें कई खोखे मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नकाबपोश आरोपियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक पड़ताल में पता चला कि दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है और पूर्व में भी विवाद हो चुका है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।