शहर और देहात क्षेत्रों में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने कार्रवाई की है। महिंद्रा ट्रैक्टर्स शोरूम के सामने कटारपुर चौक से आगे लक्सर रोड में करीब 30 बीघा भूमि पर अवैध प्लाॅटिंग की जा रही थी। यहां सीसी रोड समेत अन्य विकास कार्य कराए जा रहे थे। इसके अलावा करीब 15 भूमि पर ईंट चिनाई के साथ सड़क और प्लाॅटिंग का कार्य कर कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं दूसरी ओर नहर पटरी रुड़की रोड, मंगलौर क्षेत्र में भी करीब दो से तीन बीघा भूमि पर कॉलोनी काटने का निर्माण कार्य चल रहा था। प्राधिकरण के अनुसार दोनों स्थानों पर संबंधित व्यक्तियों की ओर से बिना स्वीकृति के निर्माण और विकास कार्य कराए जा रहे थे। अवैध निर्माणों के खिलाफ विभाग में केस चल रहा है। मौके पर निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद काम जारी रहा। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को जेसीबी की मदद से अवैध प्लाटिंग और विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया।