कोतवाली क्षेत्र के गंगनहर पटरी स्थित एक स्टील फैक्टरी में चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। फैक्टरी परिसर में दाखिल होकर चोरी की कोशिश कर रहे एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को रणजीत सिंह, निवासी दुगचाड़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर, हाल कार्यरत स्टील फैक्टरी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि नदीम और उसके अन्य साथियों ने स्टील फैक्टरी में चोरी का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी नदीम निवासी बंदरटोल कस्बा व थाना मंगलौर को मौके पर ही पकड़ा लिया गया। उसके तीन अन्य साथी भूरा, नीरू निवासी इस्लाम नगर व सादाब निवासी बंदरटोल मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पकड़े गए आरोपी का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।