- बुक्कनपुर के ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर की जांच की मांग
सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए लक्सर विकासखंड के ग्राम बुक्कनपुर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार से निष्पक्ष जांच की मांग की है। सोमवार को ग्रामीणों ने एकत्र होकर जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के सर्वे में पात्र पाए जाने के बावजूद कई जरूरतमंद परिवारों के नाम अंतिम लाभार्थी सूची से बाहर कर दिए गए। वहीं, नियमों को दरकिनार कर कुछ अपात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दे दिया गया। इससे वास्तविक पात्र परिवार आज भी पक्के मकान की आस लगाए बैठे हैं। शिकायत में ग्राम प्रधान पर आवास दिलाने के नाम पर धनराशि मांगने और कुछ लोगों से पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत करने वालों में सुरेंद्र सिंह, समेर चंद, पहल सिंह, नसीम, नावेद, इमराना, मोमिना, सन्नो, पूनम, सुशीला, वीरेंद्री, प्रमिला, खुशनसीब, गुड़िया, सविता, अनिता, कुसुम, कश्मीरी, नौरती, सुनीता और शिवानी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।