बीच बचाव कराने आई महिला से भी बदसलूकी का आरोप
लक्सर। भूमि विवाद में एक परिवार के लोगों ने ग्रामीण पर घर में घुसकर धारदार हथियार और लाठी से हमला कर दिया। बीच बचाव कराने आए ग्रामीण के पुत्र और पुत्रवधू की भी पिटाई की गई। आरोपियों ने ग्रामीण की पुत्रवधू से बदसलूकी भी की। पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी ग्रामीण ने तहरीर में बताया कि गांव के ही एक परिवार के लोग उनकी भूमि पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी रंजिश के चलते छह मई की रात करीब आठ बजे तीन आरोपी धारदार हथियार और लाठी लेकर उनके घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके सिर पर धारदार हथियार से वार कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर उनके पुत्र और पुत्रवधू ने आकर उन्हें बचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनकी भी पिटाई की। इस दौरान एक आरोपी ने उनकी पुत्रवधू के साथ बदसलूकी की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और उन्हें बचाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हमले में वह घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।