तहसील क्षेत्र से होकर गुजर रही बाणगंगा नदी के अलावा अन्य नदी-नालों के पानी से शुक्रताल तीर्थ का पानी प्रदूषित होने के मामले को लेकर आज अधिकारियों की टीम लक्सर पहुंचेगी। साथ ही नदी, नालों सहित शुगर मिल के पास से गुजर रहे नाले के पानी की जांच कर सैंपल लेगी।
लक्सर तहसील क्षेत्र से बाणगंगा नदी, सोलानी नदी, लक्सर हड़वाहा व शुगर मिल से निकलने वाले नाले का पानी खानपुर से होते हुए शुक्रताल तीर्थ में जाकर मिल रहा है। पिछले दिनों शुक्रताल तीर्थ में प्रदूषित पानी के पहुंचने का मामला सामने आया था। इसके बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जिलाधिकारी हरिद्वार व जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के साथ मौके पर पहुंचकर नदी नालों का निरीक्षण किया था।
वहीं यह मामला अब एनजीटी में पहुंचा है। ऐसे में आज केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पर्यावरण एवं वन मंत्रालय उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की टीम विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड उत्तराखंड के वैज्ञानिक डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि टीम द्वारा पानी के सैंपल लेने के बाद उनकी जांच की जाएगी। इसके बाद उनकी रिपोर्ट एनजीटी को भेजी जाएगी।