- कनखल थाना क्षेत्र का मामला, अज्ञात चालक पर रिपोर्ट दर्ज
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, श्यामू कुमार पुत्र बांकेलाल निवासी रायपुर दुलही, खीरी यूपी हाल शेखुपुरा बैरागी कैंप, कनखल ने पुलिस को बताया कि 30 मार्च की देर रात उनका भाई रामू कुमार अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था। बैरागी कैंप स्थित पावर हाउस के सामने एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। तब पुलिस ने छानबीन की तो उन्हें हादसे की जानकारी मिली। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टीम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से वाहन व चालक की पहचान करने में जुटी है।