छह माह से फरार पांच हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
- गोकशी के मामले में था वांछित, मंगलौर पुलिस ने बुक्कनपुर से दबोचा
मंगलौर। ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस ने गोकशी के मामले में पिछले छह माह से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत कई प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी का नाम शाकू निवासी बुक्कनपुर है। वह वर्ष 2025 में दर्ज गोवंश संरक्षण अधिनियम के एक मामले में वांछित चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही शाहिद नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था लेकिन शाकू तभी से फरार था। पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहने के कारण एसएसपी हरिद्वार ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कोतवाल भगवान सिंह मेहर की ओर से गठित टीम ने सूचना के आधार पर शाकू की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया कि शाकू के खिलाफ मंगलौर और झबरेड़ा थानों में गोवंश संरक्षण एक्ट की विभिन्न धाराओं में तीन प्राथमिकी दर्ज है।