ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की। खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के नाम से विभागीय पत्र में माननीय न लिखने पर सहकारिता की अपर निबंधक ने पत्र भेजकर विधायक से माफी मांगी है। गौरतलब है कि आठ मार्च को खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने भुरनी गांव में किसान सेवा समिति मोहम्मदपुर बुजुर्ग के जर्जर भवन के निर्माण कराने के लिए सहकारिता मंत्री को पत्र भेजा था। इसमें अपर निबंधक ने विधायक पद से पहले माननीय शब्द का प्रयोग नहीं किया था। इस पर विधायक ने आपत्ति जताते हुए अपर निबंधक को पत्र लिखकर पत्र की भाषा में प्रोटोकॉल का उल्लंघन व निर्वाचित जन प्रतिनिधि होने पर अपमान होने की बात कही थी। गलती सामने आने पर अपर निबंधक ने विधायक को पत्र लिखकर अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। विधायक चैंपियन ने बताया कि अपर निबंधक ने अपनी गलती स्वीकारते हुए माफी मांगी है। इसके बाद मामले का पटाक्षेप हो गया है।