ब्यूरो/अमर उजाला, लक्सर
विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने शुक्रवार को उनके प्रस्ताव पर हो रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
खानपुर विधायक प्रणव सिंह चैंपियन ने शुक्रवार को कुआं खेड़ा गांव के निकट सोलानी नदी के तटबंध किनारे हो रहे सड़क के चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। फिर शेखपुरी पहुंचकर वहां प्रस्तावित खड़ंजा निर्माण कार्य की जानकारी ली। शेखपुरी में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि लक्सर नगर पालिका का नया परिसीमन गलत है। कहा कि परिसीमन के तहत अकोढ़ा कला व शेखपुरी को भी नगर पालिका क्षेत्र में जोड़ना चाहिए था। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहाकि कांग्रेस के पास मुद्दों का अकाल है तथा कांग्रेस के पूर्व वित्तमंत्री भी घोटालों में फंस रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से देश की बागडोर भाजपा के हाथों में आई है तब से कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं को घोटालो की रकम नहीं मिल रही है। इसलिए वह बौखला गए हैं। उन्होंने कहाकि ऐसा पहली बार हुआ है कि जब केंद्र ने सीबीआई जैसी देश की सर्वोच्च संस्था के ऊपर भी निगरानी शुरू कराई। इस मौके पर चौधरी हर्ष प्रताप सिंह, चौधरी राकेश कुमार, ध्रुव, मोनू, सुभाष, जितेंद्र शर्मा, प्रशांत सिंघल, ओमपाल सिंह, जय प्रकाश सिंह, मदन पाल आदि शामिल थे।