ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर वेस्ट यूपी व प्रदेश के पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों को लेकर मंथन शुरू कर दिया है। साथ ही वेस्ट यूपी व उत्तराखंड पुलिस की एक-दूसरे प्रदेश के वांछित बदमाशों की लिस्ट आदान प्रदान करते हुए उनपर संयुक्त रूप से लगाम कसने के संबंध में भी वार्ता हुई। रविवार को मुजफ्फरनगर के एसएसपी कार्यालय पर हरिद्वार व मुजफ्फरनगर के जिलों के पुलिस अधिकारियों की एक बैठक हुई। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव में सुरक्षा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही बॉर्डर पर ज्वाइंट नाकाबंदी करने पर सहमति बनी। एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारियों को लेकर मुजफ्फरनगर के पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई है। इसमें निर्णय लिया गया है कि बॉर्डर पर दोनों जिलों की तरफ ज्वाइंट नाकाबंदी की जाएगी। बैठक में हरिद्वार जिले से एसपी देहात नवनीत सिंह, एएसपी स्वप्न किशोर सिंह, सीओ सिटी डीएस रावत, मंगलौर कोतवाली प्रभारी गिरीश चंद शर्मा समेत आदि मौजूद रहे।