गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी एक युवक को कंपनी के सर्वे को लेकर राय देने का झांसा देकर खाते से ठग ने 26 हजार रुपये साफ कर दिए। आरोपी ने युवक के व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर झांसा दिया था। युवक ने इस इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी नवीन कुमार का शहर के एक बैंक में खाता है। युवक के मोबाइल पर शनिवार की देर शाम एक नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने बताया था कि विदेशी कंपनी भारत में लॉन्च हो रही है। इस कंपनी में युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार दिया जाएगा।
कंपनी को कई शहरों में यह कंपनी लगानी है। इसके लिए कंपनी की तरफ से सर्वे किया जा रहा है। उसने बताया कि वह भी कंपनी के सर्वे में शामिल होकर अपनी राय दे सकते हैं। उसने बताया कि कंपनी का ऑनलाइन सर्वे है। इसलिए उन्हें ऑनलाइन ही पूरी प्रकिया में शामिल होना पड़ेगा। उसने युवक के मोबाइल के व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा। उसने लिंक को ओपन कर इस पूरी प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कहा।
युवक ने उसकी बातों में आकर मोबाइल के व्हाट्सएप पर आए लिंक को ओपन कर दिया। लिंक को ओपन करते ही खाते से 26 हजार रुपये की रकम साफ हो गई। खाते से निकासी का मैसेज आने पर उसे इसका पता चला।