कांवड़ यात्रा के दौरान बाइक खराब होने पर कांवड़िये उन्हें बाईपास किनारे ही छोड़कर अपने गंतव्य की ओर चले गए। पुलिस को कांवड़ियों की डेढ़ सौ से अधिक लावारिस बाइकें मिली हैं। पुलिस इनके नंबर के आधार पर बाइक मालिकों की जानकारी जुटाकर सूचना दे रही है।
कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, हरियाणा से बड़ी संख्या में कांवड़िये बाइकों से डाक कांवड़ लेने आए थे। इस दौरान बाईपास पर 13 व 14 जुलाई को कांवड़ियों का जन सैलाब उमड़ पड़ा था। इस बीच बाईपास पर कांवड़ियों की बाइकें बंद हो गई थीं। जल समय पर चढ़ाने के लिए कांवड़िये इन बाइकों को बाईपास किनारे ढंढेरी और टोडा कल्याणपुर के पास लॉक लगाकर छोड़ गए थे।
आसपास के ग्रामीणों ने मंगलवार को इसकी जानकारी पुलिस अधिकारियों को दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये बुधवार को करीब डेढ़ सौ बाइकाें को कोतवाली में लाया गया। साथ ही बाइक नंबरों के आधार पर इनके मालिकों का नाम व पता निकालकर सूचित किया जा रहा है। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि सभी बाइकों की जांच की जा रही है। जिनकी बाइकें हैं, उन्हें आधार कार्ड और कागज लाने अनिवार्य हैं। इसके बाद ही बाइक उनके सुपुर्द की जाएगी।
टोडा खटका में कई बाइकें
पुलिस को ग्रामीणों ने शिकायत की है कि कुछ लोगों ने कांवड़ियों की बाइक बाईपास से उठाकर टोडा खटका गांव में अपने-अपने घरों में चोरी से खड़ी कर रखी हैं। इस पर पुलिस टोडा खटका में जांच कर रही है। साथ ही घर-घर की तलाशी लेने की भी तैयारी कर रही है।