अमर उजाला ब्यूरो
रुड़की।
भाजपा युवा मोर्चा कार्य समिति की पहली बैठक में निकाय और लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए युवाओं को डटकर मेहनत करने का आह्वान किया गया। बैठक के पहले सत्र में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि युवा पार्टी की रीढ और भविष्य हैं। आने वाले समय में युवा ही देश की कमान संभालेंगे। उन्होंने युवाओं से ईमानदार राजनेता बनकर समाज की सेवा का आह्वान किया। रामनगर स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि युवाओं के लिए दो साल महत्वपूर्ण हैं। आने वाले 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे मजबूत राजनेता के हाथों में देश की कमान फिर सौंपने में अहम भूमिका निभानी है। उन्होंने प्रदेश सरकार के एक साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर कोई समझौता नहीं किया। जिला प्रभारी विनय रोहिला ने कहा कि इतिहास गवाह कि जिस कार्य को युवाओं ने अपने हाथों में लिया है, उसे अंजाम तक पहुंचाया है। शाम के सत्र में पहुंचे सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि यह भारत के इतिहास में गौरव का क्षण है कि इस देश में एक चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बन सकता है। ऐसे में युवाओं के लिए तमाम संभावनाओं के द्वार खुले हुए हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि निकाय और लोकसभा चुनाव में उनकी भागेदारी अहम होगी। इस मौके पर विधायक प्रदीप बत्रा, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा सागर गोयल, अरविंद गोतम, सुनील साहनी, अमन त्यागी, सुशील त्यागी, संजय अरोड़ा, अजय प्रताप सैनी, गौरव कौशिक, अजय सिंघल, चौधरी धीर सिंह, अजय सैनी, राकेश गर्ग, दीपमाला कौशिक, सचिन चौधरी आदि मौजूद रहे।