भीषण गर्मी के बीच मेन लाइन में खराबी के चलते मंगलवार रात 13 घंटे बिजली गुल रही। पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग रातभर परेशान रहे। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को रात भर फोन करते रहे लेकिन राहत नहीं मिली।
मंगलौर से आने वाली हाईटेंशन लाइन में खराबी के चलते शाम लगभग 6 बजे बिजली गुल हो गई थी। नारसन क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नारसन कला, नारसन खुर्द, मोहम्मदपुर जट्ट, खेड़ा जट्ट, उल्हेड़ा, बूढ़पुर जट्ट, ब्रह्मपुर जट्ट, सकौती, नागल कोयल आदि गांवों में मंगलवार शाम लगभग 6 बजे से बिजली की लाइन में खराबी के चलते आपूर्ति बाधित रही। बिजली पूरी रात गायब रही। इसके चलते लोगों का गर्मी से बुरा हाल रहा। सुबह लगभग 7.30 बजे लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू की गई। नारसन विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई ईश्वर चंद ने बताया कि लाइन में खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसे ठीक कर आपूर्ति सुचारु की गई।