पटवारी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक करवाने का आरोपी 10वीं पास है। घर में काफी जमीन है फिर भी इस गोरखधंधे में शामिल होने पर गांव के लोग हैरत में है। गांव के लोगों का कहना है कि रामकुमार गांव में बड़ी शालीनता से रहता है। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि वह इस तरह का काम भी कर सकता है।
लक्सर के सेठपुर गांव में बृहस्पतिवार सुबह एसटीएफ की टीम पहुंची तो हलचल मच गई। एसटीएफ रामकुमार को अपने साथ ले गई। हाल ही में संपन्न हुई पटवारी परीक्षा में पेपर लीक करने में रामकुमार की भी भूमिका होने को लेकर सभी लोग हैरत में थे। लोगों का कहना था कि गांव में सादा और शालीन व्यवहार रखने वाले रामकुमार को देखकर यह नहीं लगता था कि वह इस तरह का गोरखधंधा भी कर सकता है। रामकुमार के साथ के लोगों ने बताया कि उसने 10वीं तक पढ़ाई की है। करीब दस साल पहले वह ठेकेदारी करता था लेकिन बाद में काम मिलना बंद हो गया तो ठेकेदारी का लाइसेंस निरस्त करा दिया था।
रामकुमार के पास कमाने खाने के लिए भी पर्याप्त संसाधन है। उसके नाम गांव में ही करीब 50 बीघा खेतिहर जमीन है। बड़ा भाई दो योजना पहले प्रधान रह चुका है। गांव के सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रामकुमार दस साल पहले ठेकेदारी करता था और इसके बाद खेतीबाड़ी का काम कर रहा था। व्यवहार का भी अच्छा था लेकिन उसके इस काम की भनक तक नहीं थी।