अंकिता की हत्या से गुस्साए कुछ अज्ञात युवकों ने वनंत्रा रिजॉर्ट के पीछे स्थित मुख्य आरोपी पुलकित आर्य की फैक्टरी में आग लगा दी। सूचना पर एसपी सिटी हरिद्वार पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने भीड़ को रिजॉर्ट और फैक्टरी से बाहर हटाया। मौके पर पीएसी और पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
शनिवार की सुबह वनंत्रा रिजॉर्ट के बार युवाओं की भीड़ जमा हो गई। इनमें से कुछ स्थानीय थे तो कुछ पौड़ी और देहरादून क्षेत्र से आए थे। मौके पर काफी कम संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। इस बीच मौका पाकर चार अज्ञात युवक चुपके से रिजॉर्ट के बगल में स्थित आंवला कैंडी बनाने वाली फैक्टरी में अंदर घुस गए। इस फैक्टरी का संचालन पुलकित की पत्नी करती है। फैक्टरी के भीतर घुसे युवकों ने पेट्रोल छिड़कर आग लगा दी। कुछ ही देर में फैक्टरी से काला धुआं उठने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लक्ष्मणझूला थाने को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में युवकों की भीड़ भी उग्र हो गई। भीड़ सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगी। आक्रोशित युवक रिजॉर्ट में आग लगाने की बात कहकर आगे बढ़ने लगे।
इस बीच एसपी सिटी हरिद्वार स्वतंत्र कुमार और नगर कोतवाली प्रभारी राकेंद्र कठैत फायर ब्रिगेड और पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने युवकों को चेतावनी देते हुए रिजॉर्ट से बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया। हालांकि फैक्टरी के भीतर रखा सामान जलकर राख हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से 40वीं वाहिनी पीएसी और पुलिस दल को मौके पर तैनात किया गया है।