यमकेश्वर। विकासखंड के तलाईं गांव निवासी स्कूटी सवार जोगेंद्र नौटियाल (33) पुत्र देवेंद्र नौटियाल की नेपाली फार्म देहरादून मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे देहरादून-रायवाला के मध्य छिद्दरवाला से नेपाली फार्म के बीच यह हादसा हुआ। राहगीरों के अनुसार, अज्ञात ट्रक ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष रायवाला मोहन सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही नीलकंठ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनो ने बताया कि जोगेंद्र नौटियाल पंडिताई का काम करते थे। जोगेंद्र नौटियाल की तीन छोटी बेटियां हैं। संवाद