ऋषिकेश। ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने श्यामपुर क्षेत्र में एक युवक को बाइक पर देसी शराब की तस्करी करते गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली। उसके पास मौजूद भूरे रंग के पिट्ठू बैग से देसी शराब के 90 टेट्रा पैक बरामद हुए। शराब की तस्करी के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रवि कुमार (19) निवासी पीतपुर, ऐथल, थाना लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान जारी रहेगा। संवाद