पछवादून से लेकर जौनसार बावर तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। सैकड़ों योग साधकों और लोगों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम ,कपालभाति, वज्रासन, सर्वांगासन, धनुरासन, भुजंगासन, मकरासन, नौकासन, ताड़ासन, अर्ध कटिचक्रासन आदि का अभ्यास किया। इसके साथ ही योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
गायत्री योग केंद्र की ओर से श्री सनातन धर्म मंदिर सिनेमा गली विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विकासनगर ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू, नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता शामिल हुए। योगाचार्या सोनिया वर्मा ने सभी साधकों को योगाभ्यास कराया। विकासनगर एथलेटिक्स क्लब के संस्थापक प्रभजोत सिंह ने योग दिवस के विषय में जानकारी दी। संचालन कुसुम कौशल ने किया। बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल ने सर्टिफिकेट व मेडल प्रदान किए।
संस्कार भारती, सक्षम कर्म योग समिति, शिवशक्ति योग धाम और रेनबो चिल्ड्रेन अकादमी ने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबूगढ़ में योग उत्सव का आयोजन किया। रेनबो विद्यालय बाढ़वाला के छात्र-छात्राओं ने योग का प्रदर्शन कर सभी को मंत्र मुक्त कर दिया। विकासखंड कार्यालय सहसपुर के सभागार हाल में युवा कल्याण विभाग के कर्मचारी, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और महिला समूह ने प्रतिभाग किया।
सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने सरस्वती विद्या मंदिर मांडूवाला में भाजपा देहरादून ग्रामीण के सदस्यों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग विश्व मानवता के कल्याण के लिए दिया गया एक उपहार है। योगासन न केवल हमें स्थिरता प्रदान करते हैं, बल्कि हमें शारीरिक सुदृढ़ता भी प्रदान करते हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मीता सिंह, यशपाल नेगी, खेमलता नेगी मौजूद रहे। सूर्य योग एवं नेचरोपैथी थेरेपी सेंटर ने वन विभाग त्यूणी के मैदान में योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सनराइज पब्लिक स्कूल के छात्र, वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी शामिल हुए।
श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता, सेपियंस स्कूल विकासनगर, हरबर्टपुर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई यमुना कॉलोनी डाकपत्थर, वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर, पंडित शिवराम महाविद्यालय त्यूणी, सरदार महिपाल राजेंद्र जनजाति (पीजी) कॉलेज साहिया, निरंकारी भवन लाइन जीवनगढ़, अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला, एसबी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, ग्राम पंचायत केदारावाला, पछवादून गढ़वाल सभा, आर्य समाज डोभरी, में भी कार्यक्रम का आयोजन किया।
शहनवाज खान जगा रहे योग की अलख
विकासनगर निवासी शहनवाज खान वर्ष 2000 से योग की अलख जगा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उनके मार्ग दर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने योग का अभ्यास किया। वर्ष 2015 से वे योग दिवस पर लगातार वृहद स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। लॉक डाउन के दौरान भी उन्होंने लोगों को योग की ऑल लाइन क्लास के माध्यम से प्रशिक्षण दिया। वे ऑन लाइन के माध्यम से आस्ट्रेलिया, दुबई, कनाडा आदि देशों के लोगों को भी योग सिखाते हैं। उनका कहना है कि योग एक प्राचीन विधा है। योग को अपना कर मनुष्य अपनी इंद्रियों पर नियंत्रण रख सकता है।