04- कोतवाली में बैठी महिला कांग्रेस कार्यकर्ता।संवाद
गृह मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर उन्हें ज्ञापन देने की कोशिश की। पुलिस प्रशासन ने उन्हें रायवाला और नेपाली फार्म के रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया। वहां से ऋषिकेश थाना लाया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने बताया कि उत्तराखंड देवभूमि है, लेकिन प्रदेश में लगातार हत्याएं हो रही हैं, कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। गंभीर मुद्दों को लेकर गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन देना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया, जो बेहद निंदनीय है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे अंकिता भंडारी मामले, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर गृह मंत्री से सवाल करना चाहते थे, लेकिन उन्हें ज्ञापन देने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने राज्य सरकार के रवैये को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया।