रायवाला की आडवाणी कॉलोनी में होने वाले जलभराव का समाधान नौ करोड़ 85 लाख रुपये से किया जाएगा। शनिवार को जलभराव क्षेत्र का क्षेत्रीय विधायक व शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग की ओर से एस्टीमेट बनाया गया है जिसकी स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
बीते वर्ष बरसात में ग्रामसभा रायवाला की आडवाणी कॉलोनी में जलभराव की स्थिति बन गई थी। करीब दो महीने तक यहां के लोग जलभराव की स्थिति से जूझते रहे। लोगों के घरों में पानी भरा रहा। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए योजना तैयार की गई है। योजना के तहत पानी की निकासी के लिए ढाई किलोमीटर की आंतरिक नालियां बनाई जाएंगी। इसके साथ ही एक किलोमीटर लंबी बड़ी नाली बनेगी जिससे क्षेत्र से पानी की निकासी होगी।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के निरीक्षण के समय सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय राज, अधिशासी अभियंता डीसी उनियाल, सहायक अभियंता अनुभव नौटियाल, आपदा प्रबंधन के तकनीकी समन्वयक डीडी डाला कोटी, जिपं सदस्य दिव्या बेलवाल और गणेश रावत आदि मौजूद रहे।